Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सिरसा, 07 जून (हि.स.)। कुरुक्षेत्र में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा व कार्यकर्ताओं के साथ की गई बर्बरता के विरोध में रविवार को सिरसा में यूथ कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पुतला फूंका गया। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीट सहित अन्य परीक्षाओं के रद्द होने व महंगाई को लेकर सांसद दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कुरुक्षेत्र में शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान सरकार के इशारे पर पुलिस की ओर से सांसद दीपेंद्र सहित तमाम कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें की गई। उन पर लाठियां बरसाई गई, जोकि किसी सूरत में बर्दाश्त योग्य नहीं है। कांग्रेसियों ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाने का हक सभी को है, लेकिन इस तानाशाही सरकार के कार्यकाल में जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे लाठियां ही मिली हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लठतंत्र से आवाम की आवाज को दबा नहीं सकती। इस मौके पर सभी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इस मौके पर पंकज खारिया, कपिल सरावगी, कमल कांतिवाल,सचिन बांदर, कुलदीप लावा, शिव गोदारा, मोहित कंबोज आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma