Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

काहिरा, 06 जून (हि.स.)। गाजा शहर में शनिवार को हुए एक इजराइली हवाई हमले में कम से कम सात फिलिस्तीनियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। घटना ऐसे समय हुई है, जब मिस्र की राजधानी काहिरा में युद्धविराम को बनाए रखने और आगे बढ़ाने के प्रयासों के तहत नई वार्ताएं शुरू हुई हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हमला गाजा शहर के मध्य क्षेत्र में स्थित एक बड़े अस्थायी शिविर पर हुआ, जहां विस्थापित लोग रह रहे थे। हमले में कई लोग घायल हुए, जिनमें बच्चे भी शामिल बताए गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
इजराइली सेना ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि उसका निशाना ऐसे तत्व थे, जिन्हें वह सुरक्षा के लिए खतरा मानती है। हालांकि सेना ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
इस बीच मिस्र में हमास और अन्य फिलिस्तीनी गुटों के प्रतिनिधियों के साथ नए दौर की बातचीत शुरू हुई है। वार्ता का उद्देश्य मौजूदा युद्धविराम व्यवस्था को मजबूत करना और संघर्ष को आगे बढ़ने से रोकना बताया जा रहा है। बातचीत में युद्धविराम के पहले चरण के पालन, मानवीय सहायता की आपूर्ति तथा भविष्य की राजनीतिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय