Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गोड्डा, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गोड्डा स्थित जीतपुर खनन परियोजना की ओर से शुक्रवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, गोड्डा परिसर में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर परियोजना के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों की सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान 200 से अधिक पौधे लगाए गए।
पौधारोपण अभियान के तहत शीशम, सागवान, महोगनी, गम्हार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर परियोजना प्रबंधन की ओर से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों को हरित पर्यावरण के महत्व, जैव विविधता संरक्षण और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak