Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़,29 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में प्रस्तावित मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भैंसवा माता मंदिर एवं दूध तलाई में आयोजित होने वाले कार्यक्रम तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह की व्यवस्थाओं का सोमवार को कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमित सुरेश तोलानी ने अधिकारियों के साथ विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड, मंच, सभा स्थल तथा वीआईपी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही बैठक व्यवस्था, वाहन पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, शौचालय, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों को तय समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था समय पर पूरी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक अमित सुरेश तोलानी ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मैदानी अमले को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो। प्रत्येक सेक्टर में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियों का पूरी सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सेक्टरवार मजिस्ट्रियल ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के जिला एवं स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक