Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चित्तौड़गढ़, 29 जून (हि.स.)। जिले में बस्सी तहसील की ग्राम पंचायत शादी के 6 गांवों में बीती शाम अचानक जहरीली गैस फैलने से हड़कंप मच गया। तेज बदबू और गैस के असर से ग्रामीणों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन, उल्टी, सिरदर्द और चक्कर आने लगे। हालात ऐसे बने कि लोगों को मास्क और मुंह पर कपड़ा बांधकर घरों से निकलना पड़ा। करीब 3 घंटे बाद बारिश होने पर स्थिति सामान्य हो पाई।
बस्सी तहसीलदार मुकेश गुर्जर ने बताया कि बीती शाम डूंगाजी का खेड़ा, पालेर, गोपालपुरा, मानकपुरा, सेमलिया और शादी गांव में अचानक जहरीली गैस की तेज बदबू महसूस की गई। ये सभी गांव 1-2 किलोमीटर के दायरे में स्थित हैं। बदबू इतनी तेज थी कि लोग घरों में भी परेशान हो गए। लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर चित्तौड़गढ़ तहसीलदार विपिन चौधरी, बिजयपुर थानाधिकारी रामलाल मीणा, बस्सी और बिजयपुर की मेडिकल टीमें तथा पटवारी-गिरदावर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मदद से गैस के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। गौरतलब है कि आसपास कोई प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्री या कारखाना नहीं है। न ही कोई दुर्घटना हुई है। गैस फैलने का कारण अभी समझ से परे है। 3-4 घंटे बाद हल्की बारिश होने पर गैस की बदबू धीरे-धीरे कम हुई और बंद हो गई। चित्तौड़गढ़ तहसीलदार विपिन चौधरी ने बताया कि स्रोत का पता लगाने के लिए कृषि विभाग और पॉल्यूशन विभाग को निर्देश दिए गए हैं। मौके पर जांच कर गैस के स्त्रोत का पता लगाया जाएगा। फिलहाल सभी गांवों में स्थिति सामान्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल