Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वाराणसी, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले (काशी) के अंतरराष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी सूरज यादव ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश, प्रदेश और वाराणसी का गौरव बढ़ाया है। चीन में आयोजित एससीओ सदस्य देशों की वुशु सांडा चैंपियनशिप (शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन वुशु चैंपियनशिप) में सूरज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर तिरंगा लहराया। वहीं, उत्तर प्रदेश वुशु संघ के तत्वावधान में जनपद शामली में 25 जून से आयोजित 25वीं सीनियर, 26वीं सब-जूनियर एवं 27वीं जूनियर राज्य स्तरीय बालक, बालिका, महिला एवं पुरुष वुशु प्रतियोगिता में भी वाराणसी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए।
सोमवार को जिला वुशु संघ के सचिव गोपाल जी सेठ ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जूनियर वर्ग में युवराज सिंह ने 85 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक, जबकि शिशांत यादव (65 किग्रा), रौनक पाल (56 किग्रा) और आनंदी सिंह (45 किग्रा) ने कांस्य पदक जीता।
इसी प्रकार सब-जूनियर वर्ग में शिवम राय ने 52 किलोग्राम तथा प्रांजल यादव ने 39 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर वाराणसी का गौरव बढ़ाया।
गोपाल जी सेठ ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का ही परिणाम है कि उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर वाराणसी का नाम रोशन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में इसी तरह सफलता अर्जित करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी