Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 29 जून (हि.स.)। विकास भवन सभागार में सोमवार को राज्य कर विभाग की ओर से दानवीर भामाशाह जयंती के अवसर पर व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य तथा मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित एवं भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम में उपायुक्त राज्य कर अन्जेश बरनवाल एवं उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार ने जनपद में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों शत्रुधन केशरी और आशीष बुधिया ने सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए मीरजापुर में नए औद्योगिक आस्थान की स्थापना की मांग उठाई।
सदर विधायक रत्नाकर मिश्र ने विभिन्न श्रेणियों के उत्कृष्ट करदाताओं को भामाशाह सम्मान से सम्मानित करते हुए कहा कि व्यापारियों का योगदान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने बताया कि विंध्याचल कॉरिडोर के साथ भविष्य में कालीखोह और अष्टभुजा मंदिर कॉरिडोर बनने से जनपद में व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य ने व्यापारियों से भामाशाह के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार व्यापारियों की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में वार्षिक टर्नओवर की विभिन्न श्रेणियों के 10 उत्कृष्ट करदाताओं को प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) टूलकिट का वितरण भी किया गया। लोकगायिका रानी सिंह ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जबकि संयुक्त आयुक्त राज्य कर दिनेश कुमार दूबे ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा