Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवरिया, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में साइबर अपराधियों ने एक युवक का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते से 1.93 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर खुखुंदू थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ सोमवार को मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के असना गांव निवासी हिमांशु चतुर्वेदी ने पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह वर्तमान में प्रयागराज की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उसका बैंक ऑफ बड़ौदा की सिविल लाइन शाखा, देवरिया में खाता है। 9 जून को उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया। फोन चालू करने पर स्क्रीन खाली दिखाई दी और मोबाइल स्वतः अपडेट होने लगा। अपडेट पूरा होने के बाद फोन का पूरा डेटा गायब हो गया।
इसी दौरान साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 1 लाख 93 हजार रुपये निकाल लिए। जब उन्होंने खाते का बैलेंस चेक किया तो रकम गायब देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और खुखुंदू थाने में भी तहरीर दी।
थानेदार राहुल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और बैंक लेनदेन के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक