Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बंगाईगांव (असम), 29 जून (हि.स.)। असम के बंगाईगांव जिले के जोगीघोपा स्थित नारायण सेतु रेल-सह-सड़क पुल पर सोमवार को ड्यूटी के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से अस्थायी दो रेल श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान रेज़ाउल हक और सहर अली के तौर पर हुई है; ये दोनों जोगीघोपा, भाटीपारा के कोरेया पहाड़ गांव के रहने वाले थे। वहीं, घायलों की पहचान ज़ाकिर हुसैन और इयार आलम के तौर पर हुई है, जिन्हें इलाज के लिए ग्वालपारा सिविल अस्पताल ले जाया गया।
बताया गया है कि रेल श्रमिक ब्रह्मपुत्र नदी पर बने 2.3 किलोमीटर लंबे नारायण सेतु पर रेलवे ट्रैक के रखरखाव का कार्य कर रहे थे। यह घटना तब हुई जब चारों श्रमिक पुल पर रेलवे ट्रैक के किनारे चल रहे थे। इसी दौरान एक ही समय पर दो ट्रेनें आ गईं और 'अप-लाइन' पर तेज़ी से आ रही मालगाड़ी ने कर्मचारियों को टक्कर मार दी। इस टक्कर से रेज़ाउल हक और सहर अली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों श्रमिकों को तत्काल इलाज के लिए ग्वालपारा सिविल अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस तथा पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
दुर्घटना में शामिल ट्रेन का विवरण तथा मुआवजे को लेकर रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। साथ ही, इस घटना का रेल परिचालन पर पड़े प्रभाव का भी आकलन किया जा रहा है।
पूसीरे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए अधिक विवरण देने से इंकार करते हुए बताया है कि फिलहाल घटना के विवरण की प्रतिक्षा की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश