Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जींद, 29 जून (हि.स.)। राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध ने कहा कि कबीर साहेब का संदेश संपूर्ण मानव जाति के उत्थान के लिए हैं । उन्होंने समता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने अपने दोहों से समाज में फैली कुरीतियों को छोड़ कर अंधविश्वास और आडंबरों से दूर रहने का संदेश दिया।
राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध सोमवार को जींद-अशरफगढ़ मार्ग पर स्थित निर्माणाधीन संत कबीर छात्रावास एवं लाइब्रेरी भवन में आयोजित संत शिरोमणि कबीरदास के 629वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने भी शिरकत की। कार्यक्रम का आगाज कबीर साहेब के दोहों से हुआ। मुख्यअतिथि राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध ने कहा कि संत कबीर के संदेशों में ईमानदारी और सच्चाई के साथ जीवन जीने की प्रेरणा और सीख मिलती है।
उन्होंने समाज में फैली कुप्रथाओं का जोरदार विरोध किया। समाज के उत्थान का संदेश दिया। उनके संदेश सैंकड़ों सालों के बाद आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों का आह्वान किया कि आप सही मायने में तभी कबीर के सच्चे अनुयायी होंगें जब आप सत्य, समानता, भाईचारे की भावना के साथ सभी को साथ लेकर सात्विक जीवन जिऐंगे।
कबीर साहेब ने धर्म, जाति वर्ग के बंधनों से उपर उठकर मानवता का संदेश दिया : सतपाल ब्रह्मचारी
लोकसभा सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि इस जयंती समागम में सभी समाजों के लोगों को शामिल कर कबीर साहेब के महान उपदेशों को आत्मसात करने का प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय कदम है। कबीर जी के दोहों में सरल शब्दों का प्रयोग है, उनमें मानव कल्याण का गहरा संदेश भी छिपा है। कबीर साहेब भक्ति काल के महान समाज सुधारक और कवि थे। उन्होंने धर्म, जाति वर्ग के बंधनों से उपर उठकर मानवता का संदेश दिया। संस्था के वरिष्ठ सदस्य एवं समाज सेवी रोशन लाल दुग्गल ने कहा कि संत कबीर साहेब की वाणी सबके लिए प्रेरणादायी है। सांसद ने समाज के होनहार बेटे व बेटियां को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सोनीपत के लोकसभा सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने 11 लाख रुपये की ग्रांट की घोषणा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा