Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 29 जून(हि.स.)।
जिले के भरगामा थाना क्षेत्र में रविवार रात करीबन साढ़े नौ बजे 25 वर्षीय युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक के पिता शिवानंद मेहता ने बताया कि उनका बेटा ट्रैक्टर से मिट्टी ढोने का काम कर रहा था। उस समय दो ट्रैक्टर चल रहे थे। उनका बेटा पीछे वाले ट्रैक्टर से मिट्टी लेने जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने रास्ते में उसे रोककर गोली मार दी।
उन्होंने बताया कि गोली लगने की सूचना मिलने पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को भरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया। पूर्णिया में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पिता ने आरोप लगाया कि घटना के पीछे पुरानी आपसी रंजिश है। उनका कहना है कि आरोपित पहले भी उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दे चुके थे और उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज डीएसपी राजकिशोर प्रसाद और भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मामले को लेकर डीएसपी राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि प्रथमदृष्टया परिजनों के द्वारा पुरानी रंजिश में हत्या किए जाने की बात कह रहे हैं।मामले को लेकर कांड दर्ज किया जा रहा है।पुलिस कई बिंदु पर मामले की जांच कर रही है।शीघ्र ही कांड में संलिप्त अपराधियों की शिनाख्त कर गिरफ्तारी की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर