Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 29 जून (हि.स.)। धर्मगुरु दलाई लामा ने वेनेजुएला में हाल ही में आए भूकंप के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इस भूकंप में कई लोगों की जान गई और भारी नुकसान हुआ। उन्होंने प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना की है। दलाई लामा ने कहा कि “वेनेजुएला में हाल ही में आए भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है। इसमें कई कीमती जानें गईं और बहुत से लोग घायल हुए। मैं उन लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं जिनकी जान चली गई, और इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और चिंता व्यक्त करता हूं।
उन्होंने कहा कि मूल रूप से हम सभी एक जैसे इंसान हैं। हम सभी खुशी चाहते हैं और ऐसी पीड़ा से बचना चाहते हैं। हमारी इसी साझा इंसानियत की भावना के कारण, हमसे हर एक की यह ज़िम्मेदारी है कि हम एक-दूसरे की मदद और समर्थन करें। इसलिए मुझे बहुत खुशी है कि सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय बचाव कर्मी वेनेजुएला पंहुच चुके हैं ताकि वे इस गहरे दुख की घड़ी में वहां के लोगों की मदद कर सकें। मैं यह भी कहना चाहूंगा कि 1992 में मेरी चार दिन की यात्रा के दौरान वेनेजुएला के हर वर्ग के लोगों ने जिन मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए मैंने काम किया है, जैसे प्रेम-दया, करुणा, संतोष, आत्म-अनुशासन और दुनिया की धार्मिक परंपराओं के बीच सद्भाव- उनके प्रति जो खुलापन और उत्साह दिखाया, उससे मैं बहुत प्रभावित हुआ था। मुझे पूरा यकीन है कि वही भावना वेनेजुएला के लोगों को इस बेहद मुश्किल समय से उबरने में मदद करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया