Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

24 घंटे में चोरी का खुलासा, 08 मोटरसाइकिलें, तमंचा व कारतूस बरामद
झांसी, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में सीपरी बाजार पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई आठ मोटरसाइकिलें, एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। साथ ही सीपरी बाजार क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया।
पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए एसपी सिटी प्रीति सिंह ने साेमवार काे बताया कि थाना सीपरी बाजार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बैंकर्स कॉलोनी, राजघाट क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केपी सिंह लोधी पुत्र सोमराज लोधी निवासी ग्राम मामोनी कला कटपरिया, थाना अमोला, जिला शिवपुरी (मध्य प्रदेश) तथा अमित लोधी पुत्र रामहजूर लोधी निवासी ग्राम सिरसौल, थाना अमोला, जिला शिवपुरी (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी शिवम गौड़ निवासी दंगीपुरा, थाना अमोला, जिला शिवपुरी के साथ मिलकर झांसी एवं आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइकों को राजघाट कॉलोनी स्थित नहर की पुलिया के नीचे छिपा दिया जाता था और ग्राहक मिलने पर उन्हें बेच दिया जाता था। आरोपी स्वयं भी चोरी की मोटरसाइकिलों का उपयोग करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (UP93BK6662), हीरो स्प्लेंडर (UP93J6134), हीरो एचएफ डीलक्स (UP93BH3925), टीवीएस अपाचे आरटीआर-160 (UP93BJ2079), हीरो एचएफ डीलक्स (MP36MM9563), बजाज सीटी-100 (UP93N1507), हीरो स्प्लेंडर प्रो (UP93AQ2201) तथा हीरो स्प्लेंडर प्लस (MP07MR9953) सहित कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें कई वाहन झांसी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। फरार आरोपी शिवम गौड़ की तलाश जारी है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया