Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 29 जून (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद (सीसीएचएफडब्ल्यू) की ओर से विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित 16 वीं केंद्रीय स्वास्थ्य परिषद सम्मेलन में देशभर के राज्यों की स्वास्थ्य योजनाओं, चुनौतियों एवं भविष्य की रणनीतियों पर मंथन किया जा रहा है।
इसी क्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी भी सोमवार को दिल्ली पहुंचकर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। झारखंड के परिप्रेक्ष्य में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जानकारी साझा की। यह बातें मंत्री इरफान अंसारी ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कही। उन्होंने जारी प्रेस विज्ञप्ति में हर्ष जाहिर करते हुए बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव और अनुप्रिया पटेल सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन में राज्यों की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, नई योजनाओं के क्रियान्वयन और जनस्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है। मंत्री ने कहा कि सम्मेलन में झारखंड की आवाज, राज्य के अधिकारों और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए हर मंच पर मजबूती से अपनी बात रखी जाएगी, ताकि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस दौरान राज्यों के प्रतिनिधियों को अपनी-अपनी स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं को परिषद के समक्ष रखने का अवसर दिया जा रहा है। मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड की ओर से भी राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, नई स्वास्थ्य परियोजनाओं को गति देने और राज्यहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को परिषद के समक्ष रखने की तैयारी की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar