Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची,29 जून (हि.स.)। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित 16वीं केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण परिषद की बैठक में झारखंड के राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उन्होंने दो टूक कहा कि झारखंडवासियों की हित को देखते हुए हर हाल में केन्द्र सरकार राजधानी रांची में एम्स स्थाापित करें।
इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में देवघर एम्स के अलावा राजधानी क्षेत्र में भी उच्चस्तरीय स्वास्थ्य संस्थान की आवश्यकता है। रांची में एम्स खुलने से राज्य के मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने रिम्स-2 परियोजना के लिए केंद्र से दो हजार करोड़ रुपये की सहायता की मांग की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कार्य कर रही है और इसके पूरा होने से झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने चतरा,गढ़वा,गुमला,गोड्डा,पाकुड़,रामगढ़,सिमडेगा और साहिबगंज सहित कई जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने तथा मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और पीजी सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग भी रखी।
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय,ममता वाहन,कैंसर उपचार, आईसीयू, सीसीयू एवं एचडीयू की स्थापना तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के मुद्दे भी उठाए गए। मंत्री ने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar