Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रामगढ़, 29 जून (हि.स.)। डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। डीसी ने विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करना होगा।
डीसी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, ग्रामीण विकास, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, कल्याण, आपूर्ति सहित अन्य विभागों से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का आंकलन करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जन शिकायतों के निष्पादन, आधारभूत संरचना विकास, पेयजल आपूर्ति, विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों की स्थिति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। डीसी ने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
डीसी ने संबंधित विभागों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने, प्रगति रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर बल दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश