Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-गुरुग्राम में पांच और दिल्ली में एक चोरी समेत कुल छह चोरियों का खुलासा
गुरुग्राम, 29 जून (हि.स.)। मेडिकल स्टोर समेत घरों और दुकानों के ताले-शटर तोडक़र चोरी करने वाले संगठित गिरोह के सात आरोपियों को अपराध शाखा फर्रुखनगर की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले रेकी करते थे, फिर रात में वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि पूछताछ में गिरोह ने गुरुग्राम में पांच और दिल्ली में एक समेत कुल छह चोरियों का खुलासा किया है।
25 जून 2026 को वजीरपुर रोड, सुल्तानपुर मोड़ फरुखनगर स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक ने थाना फर्रुखनगर में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 24/25 जून की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी दुकान का शटर तोडक़र गल्ले से करीब 20,000 रुपये चोरी कर लिए। केस दर्ज कर अपराध शाखा फरुखनगर ने जांच शुरू की।पुलिस टीम ने गांव खेड़ा झाझरौला गुरुग्राम से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान तारुल निवासी सुल्तानपुरी दिल्ली, सोनू निवासी शाहबाद दौलतपुर दिल्ली, मेराजुल दीवान निवासी बवाना दिल्ली, संजीत काली निवासी शाहबाद डेयरी दिल्ली, मनदीप स्कूटी निवासी शाहबाद दौलतपुर दिल्ली, प्रह्लाद कुमार राज कुमार मोटा निवासी सेक्टर-26 रोहिणी दिल्ली तथा सात सागर निवासी रोहिणी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं और आदतन चोरी करते हैं। गिरोह पहले घरों और दुकानों की रेकी करता था। यह सुनिश्चित करता था कि वहां कोई मौजूद न हो। फिर रात में ताले या शटर तोडक़र नकदी और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। मेडिकल स्टोर में भी रेकी के बाद ही शटर तोडक़र गल्ले से नकदी चुराई गई।
छह वारदातों का खुलासा, कई केस दर्ज
पूछताछ में आरोपियों ने गुरुग्राम में पांच अन्य जगहों और दिल्ली में एक जगह चोरी करना कबूला है। इस तरह गिरोह ने कुल छह वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस इन सभी मामलों में आगे जांच और बरामदगी कर रही है। आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी तारुल पर चोरी, नकबजनी, लूट व आम्र्स एक्ट के 15 केस, मनदीप उर्फ स्कूटी पर चोरी व नकबजनी के सात केस, प्रह्लाद कुमार मोटा पर आम्र्स एक्ट के दो केस तथा सागर उर्फ सूरज पर चोरी, नकबजनी, लूट व आम्र्स एक्ट समेत 45 केस दिल्ली में पहले से दर्ज हैं। पुलिस टीम आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। चोरी की नकदी व संपत्ति की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर