Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंदसौर, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर के भागवत नगर क्षेत्र में साेमवार काे बिजली लाइन सुधारने के दौरान एक बिजली कर्मचारी हादसे का शिकार हो गया। फॉल्ट ठीक करते समय करंट लगने से कर्मचारी खंभे से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर और हाथ में चोटें आई हैं। घायल कर्मचारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, भागवत नगर क्षेत्र में बिजली बंद होने की शिकायत मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी दीपक मालवीय अपने साथियों शंकरलाल और पीयूष माली के साथ मौके पर पहुंचे थे। फॉल्ट सुधारने के लिए दीपक करीब 12 फीट ऊंचे बिजली के खंभे पर चढ़े हुए थे।
इसी दौरान एक तार के संपर्क में आने से उन्हें करंट लग गया। तेज झटका लगने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे खंभे से नीचे गिर गए। हादसे में दीपक के सिर और हाथ में चोटें आईं। उनके सिर में तीन टांके लगाए गए हैं।
घटना के समय मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। सहकर्मी शंकरलाल ने बताया कि एक तरफ के तार में करंट प्रवाहित था, जिसकी चपेट में आने से दीपक हादसे का शिकार हुए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग के कार्यपालन यंत्री दीपक बांदिल भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल कर्मचारी का हाल जाना। उन्होंने बताया कि कर्मचारी फ्यूज कॉल अटेंड करने के दौरान हादसे का शिकार हुआ।
उन्होंने बताया कि मौके पर अन्य कर्मचारी मौजूद थे और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तार के संपर्क में आने से करंट लगा और संतुलन बिगड़ने के कारण कर्मचारी नीचे गिर गया। मामले की विभागीय जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया