Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

—1.08 करोड़ से होगा सूर्यकुण्ड एवं उत्तरार्क आदित्य मंदिर का होगा कायाकल्प, मंत्री ने किया भूमि पूजन
वाराणसी,28 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने रविवार को उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए पर्यटन एवं आवास विकास विभाग की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने पर्यटन विभाग की ओर से 1 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से श्री उत्तरार्क आदित्य (सूर्य) मंदिर एवं सूर्यकुण्ड (बकरियाकुंड) के समग्र विकास कार्य का भूमि पूजन कर विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही आवास विकास विभाग द्वारा अवस्थापना निधि योजना के अंतर्गत 20.84 लाख रुपये की लागत से वार्ड अलईपुरा में धूरे सोनकर के मकान से शैलपुत्री चौराहे तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।
भूमि पूजन के अवसर पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। काशी के प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक कुंडों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें विश्वस्तरीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि श्री उत्तरार्क आदित्य (सूर्य) मंदिर एवं सूर्यकुण्ड का विकास कार्य पूरा होने के बाद यहां आकर्षक सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पाथवे, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ प्राप्त होगा।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार केवल धार्मिक स्थलों का ही विकास नहीं कर रही है, बल्कि मोहल्लों और वार्डों में सड़क, नाली एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
इसी क्रम में अलईपुरा वार्ड में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी तथा बरसात के मौसम में होने वाली समस्याओं से भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर चंद्रलेखा मौर्या (अध्यक्ष ट्रस्ट), दिलीप चौहान (भाजपा मंडल अध्यक्ष), कमलेश सोनकर (पूर्व मंडल अध्यक्ष), पार्षद रिंकू मौर्या, सत्यनारायण सेठ, गणेश कुशवाहा, प्रमोद मौर्य, आनंद जायसवाल, श्रीप्रकाश जायसवाल आदि भी मौजूद रहे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी