वीकेंड पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सैलाब, जाम से जूझा शहर
हरिद्वार, 28 जून (हि.स.)। सोमवार को पड़ने वाली ज्येष्ठ पूर्णिमा से पूर्व वीकेंड के संयोग पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। गंगा स्नान के लिए हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से शहर की प्रमुख सड़कें दिनभर जाम की चपेट में र
राजमार्ग पर लगा जाम


हरिद्वार, 28 जून (हि.स.)। सोमवार को पड़ने वाली ज्येष्ठ पूर्णिमा से पूर्व वीकेंड के संयोग पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। गंगा स्नान के लिए हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से शहर की प्रमुख सड़कें दिनभर जाम की चपेट में रहीं। भीषण गर्मी और उमस के बीच श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों तथा यात्रियों को घंटों वाहनों में फंसे रहने को मजबूर होना पड़ा।

हरकी पैड़ी, शंकराचार्य चौक, तुलसी चौक, मायापुर और अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार मोर्चा संभाले रहे। शंकराचार्य चौक पर पुलिस ने तेज धूप में खड़े होकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया, लेकिन भारी दबाव के कारण लोगों को जाम से राहत नहीं मिल सकी।

शहर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से बड़ी संख्या में वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करना पड़ा, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हुई।

इस बीच, टिहरी में प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए जा रहे चंद्रशेखर आजाद के काफिले को हरिद्वार में रोकने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया। सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की सघन जांच की गई, जिससे यातायात का दबाव और बढ़ गया तथा कई स्थानों पर घंटों तक जाम लगा रहा।

हालात इतने गंभीर रहे कि जाम में एंबुलेंस भी लंबे समय तक फंसी रही। भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात बाधित रहा और श्रद्धालु तथा स्थानीय नागरिक अव्यवस्था से जूझते नजर आए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला