Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



सीवान, 28 जून (हि.स.)। जिले के दरौली थाना क्षेत्र के नारायणपुर टोका गांव के समीप रविवार की सुबह बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से एक 70 वर्षीय दुकानदार की मौत के बाद हालात हिंसक हो गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह करीब 11 बजे बालू लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नारायणपुर टोका गांव के समीप सड़क किनारे स्थित एक गुमटी में जा घुसा। हादसे में गुमटी में बैठे 70 वर्षीय महेश बिन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर दरौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एएसआई अभिषेक कुमार, सिपाही चंदन कुमार समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दरौली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एएसआई अभिषेक कुमार और सिपाही चंदन कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।
पथराव में पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में यह चर्चा रही कि क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के संरक्षण में अवैध बालू खनन होता है, जिसके कारण लगातार बालू लदे वाहनों का आवागमन बना रहता है। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दरौली थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही गश्ती दल को मौके पर भेजा गया था। पुलिस टीम के पहुंचते ही प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हमला कर दिया और पथराव शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा और एसडीपीओ गौरी कुमार कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए इलाके में पुलिस बल की तैनाती जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma