Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नवादा ज़ 28 जून (हि.स.)। जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के लौंद बाजार में रविवार को शॉर्ट सर्किट से बर्तन एवं फर्नीचर की एक दुकान में भीषण आग लग गई।
घटना में दुकान में रखा फर्नीचर, बर्तन सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। 5 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति जलकर राख हुई है ।सूचना मिलने पर रजौली से पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की दुकानों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया।
दुकान संचालक लौंद गांव निवासी सुधीर सिंह ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। रविवार को 12 बजे जब दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर से धुआं और आग की लपटें निकल रही थीं। देखते ही देखते बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
रजौली से पहुंचे प्रधान अग्निक सुरेन्द्र कुमार शर्मा, अग्निक सुधांशु कुमार तथा अग्नि चालक टुन्ना कुमार गुप्ता ने टीम के साथ आग बुझाने का अभियान चलाया और कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। मौके पर समाजसेवी बिपिन कुमार मुखिया एवं धर्मेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे और राहत कार्य में सहयोग किया।
पीड़ित दुकानदार के अनुसार आग लगने से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के फर्नीचर, बर्तन और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने तथा पीड़ित दुकानदार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन