जींद : पशु पालकों को निशाना बनाने वाले पशु चोर गिरोह के तीन सदस्य काबू
पुलिस मुठभेड़ में तीन पशु चोर घायल, अस्पताल में भर्ती
पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएसपी संजय।


पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ पशु चोर।


जींद, 28 जून (हि.स.)। जिला में पशु पालकों के लिए सिर दर्द बन चुका पशु चोर गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया है। मुठभेड़ में दो पशु चोर गोली लगने से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भरती करवाया गया है। जबकि एक पशु चोर भागते हुए गिर कर घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

डीएसपी संजय कुमार ने रविवार को पत्रकारों को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार रात को गांव बिशनपुरा में डिटेक्टिव स्टाफ गश्त कर रहा था। तभी सूचना मिली कि कुछ लोग गाड़ी में पशुओं को भर कर चोरी कर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर डिटेक्टिव स्टाफ ने पशु चोरों की गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। तभी पशु चोरों ने पुलिस को अपने पीछे आता देख फायर कर दिया। जिसके जवाब में पीछा कर रहे डिटेक्टिव स्टाफ ने भी पशु चोरों पर फायर किए।

जिसमें गांव अकबरपुर सुनहेटी, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी फुरकन उर्फ मिर्ची तथा गांव बढ़ेड, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी कामिल गोली लगने से घायल हो गए। जबकि तीसरा आरोपित कैराना जिला शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी सोहेल भागते हुए गिर गया और उसकी टांग टूट गई। पुलिस ने तीनों को काबू कर घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पशु चोरों पर अलग-अलग थानों में डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा