Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चेन्नई, 28 जून (हि.स.)। तमिल सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता, निर्देशक और पटकथा लेखक के. भाग्यराज का रविवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बेसेंट नगर विद्युत शवदाह गृह में पुलिस ने उन्हें सलामी दी, जिसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अंतिम विदाई के दौरान परिवार, फिल्म जगत की हस्तियों, राजनीतिक नेताओं और हजारों प्रशंसकों की मौजूदगी ने माहौल को भावुक बना दिया।
अंतिम संस्कार से पहले नुंगमबक्कम स्थित उनके आवास पर पारिवारिक परंपरा के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इसके बाद पुलिस ने औपचारिक सम्मान गारद प्रस्तुत किया और फूलों से सजे विशेष वाहन में उनके पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा निकाली गई।
नुंगमबक्कम के वल्लुवर कोट्टम क्षेत्र से शुरू हुई अंतिम यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुबह लगभग 11 बजे बेसेंट नगर विद्युत शवदाह गृह पहुंची। पूरे मार्ग में बड़ी संख्या में प्रशंसक और आम नागरिक सड़क किनारे खड़े होकर अपने प्रिय कलाकार को पुष्प अर्पित करते रहे। नम आंखों और हाथ जोड़कर लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
बेसेंट नगर विद्युत शवदाह गृह में उनके पुत्र शांतनु ने अंतिम संस्कार की रस्में निभाईं।
उल्लेखनीय है कि 73 वर्षीय के. भाग्यराज का शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक से घर लौटने के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ा था। परिजन उन्हें तत्काल चेन्नई के ग्रीम्स रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उनके निधन के बाद शनिवार से रविवार सुबह तक नुंगमबक्कम स्थित उनके आवास पर पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इस दौरान हजारों प्रशंसकों ने लंबी कतारों में खड़े होकर अपने प्रिय अभिनेता-निर्देशक को श्रद्धांजलि अर्पित की।
तमिल फिल्म उद्योग की कई नामचीन हस्तियां भी उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। अभिनेता रजनीकांत, कमल हासन, धनुष, शिवकार्तिकेयन तथा अभिनेत्री तृषा और नयनतारा सहित अनेक कलाकारों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके अलावा मुख्यमंत्री विजय, द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, मंत्रियों और विधायकों ने भी उनके आवास पहुंचकर शोक व्यक्त किया और परिजनों को सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री विजय ने शनिवार को ही के. भाग्यराज के अंतिम संस्कार को पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ संपन्न कराने की घोषणा की थी। उसी घोषणा के अनुरूप रविवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। --------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV