एकनाथ शिंदे राम, फडणवीस लक्ष्मण, सांसद ज्योति वाघमारे के बयान से नया विवाद
New controversy sparked by MP Jyoti Waghmare’s remarks: Eknath Shinde as Ram, Fadnavis as Lakshman
एकनाथ शिंदे राम, फडणवीस लक्ष्मण, सांसद ज्योति वाघमारे के बयान से नया विवाद


मुंबई, 28 जून (हि.स.)। शिवसेना शिंदे गुट की राज्यसभा सांसद ज्योति वाघमारे के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बारे में दिए गए बयान से महायुति में नई बहस छिड़ गई है। उन्होंने एकनाथ शिंदे की तुलना भगवान राम से और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तुलना लक्ष्मण से की है। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की तुलना रावण और सांसद संजय राऊत को कैकेयी बताया है। उन्होंने दावा किया है कि महाराष्ट्र में शिवसेना (शिंदे गुट) राज्य में बड़ा भाई है।

हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के शिंदे सेना में शामिल होने के मुद्दे को लेकर राज्य की सियासत गरमाई हुई है। इस बात पर बहस छिड़ गई है कि राज्य में महायुति में कौन सी पार्टी सबसे बड़ी है। इस पृष्ठभूमि पर ज्योति वाघमारे ने पार्टी सदस्यों की संख्या बढ़ने का हवाला देते हुए राय जताई है कि शिवसेना राज्य की राजनीति में बड़ा भाई है। उनके इस बयान से भाजपा और शिवसेना के बीच छिपे मतभेद फिर से उभरने की संभावना है। इस दौरान वाघमारे ने विपक्ष की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने शिवसेना पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे की तुलना रावण से की, जबकि सांसद संजय राऊत की तुलना कैकेयी से की। उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार