संत कबीर दास के विचार आज भी समाज को समरसता व सत्य का मार्ग दिखाते हैं : सुभाष बराला
फतेहाबाद : हंसावाला में संत शिरोमणि कबीर दास जी की 629वीं जयंती महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन
फतेहाबाद। गांव हंसवाला में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद सांसद सुभाष बराला।


फतेहाबाद, 28 जून (हि.स.)। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि संत शिरोमणि कबीर दास जी के समरसता, समानता, सत्य एवं मानवता के संदेश तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम से मिलने वाली प्रेरणा समाज को सकारात्मक परिवर्तन, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढऩे का मार्ग दिखाती है। संत कबीर दास के आदर्श सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को सुदृढ़ करते हैं, जबकि मन की बात देशवासियों को जनसेवा, नवाचार, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करती है। सांसद सुभाष बराला रविवार को गांव हंसावाला में संत शिरोमणि कबीर दास जी की 629वीं जयंती के अवसर पर जय हंसावाला युवा स्पोट्र्स क्लब एवं ग्रामवासियों द्वारा आयोजित जयंती समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संत कबीर दास के श्रीचरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात को भी सुना। सांसद सुभाष बराला ने कहा कि संत कबीर दास जी ने जाति, पंथ एवं ऊंच-नीच से ऊपर उठकर मानव मात्र की सेवा, समानता और सामाजिक एकता का संदेश दिया। उनके विचार समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देते हैं। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता को और अधिक मजबूत करें। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारा, एकता एवं सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। राज्यसभा सांसद सुभाष ने पौधरोपण करते हुए जय हंसावाला युवा स्पोट्र्स क्लब, आयोजन समिति तथा समस्त ग्रामवासियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दीं और कहा कि समाजहित एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, जिससे भावी पीढ़ी अपने महापुरुषों के आदर्शों एवं संस्कारों से प्रेरणा प्राप्त कर सके।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा