Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीवान, 28 जून (हि.स.)।
जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के मझौली चौक पर रविवार को बाइक से अवैध रूप से पशु मांस ले जा रहे दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और आक्रोशित लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही
पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से दोनों को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके पास से करीब 55 किलो संदिग्ध पशु मांस बरामद किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवलपुर गांव निवासी गुड्डू अली और कौशर अली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों बाइक पर दो बोरियों में मांस भरकर उत्तर प्रदेश के सोहनपुर से सीवान की ओर जा रहे थे। मझौली चौक पर लोगों को शक होने पर उनकी तलाशी ली गई, जिसके बाद दोनों को पकड़ लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मैरवा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने तत्काल प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार को मौके पर बुलाया। पशु चिकित्सक ने बरामद मांस का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि बरामद मांस किस पशु का है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अवैध रूप से पशु मांस के परिवहन एवं बिक्री से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई है।
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बरामद मांस की जांच रिपोर्ट का इंतजार है और पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma