Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 28 जून (हि.स.)। जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सलगझरी फाटक के समीप शनिवार देर रात एक विवाहिता ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान देव कुमार शर्मा की पत्नी सोनी देवी के रूप में हुई है।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, सोनी देवी का विवाह वर्ष 2013 में हुआ था। परिवार में उनके पति के अलावा तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। ससुराल पक्ष का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं। हालांकि, परिवार की ओर से उनकी बीमारी के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
सोपोडेरा के निवासी मृतका के भाई बबलू कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे उनके बहनोई का फोन आया, जिसमें सोनी देवी द्वारा फांसी लगाने की सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि उनकी बहन का किसी प्रकार का कोई चिकित्सकीय उपचार नहीं चल रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार में सामान्य घरेलू विवाद होते रहते थे, लेकिन आत्महत्या के पीछे की वजह की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को संदेहास्पद बताते हुए मामले की निष्पक्ष और गहन पुलिस जांच की मांग की है।
मामले में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। इस कारण घटना के वास्तविक कारणों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर ही लगाया जा सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर संभावित दिशा में जांच कर रही है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक