Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

ड्राइवर ने कूद कर बचाई अपनी जान
गुरुग्राम, 28 जून (हि.स.)। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर सेक्टर-66 स्थित आईएफसी बिल्डिंग के सामने शनिवार देर रात सामान से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका।
जानकारी के अनुसार ट्रक सामान लेकर गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से फरीदाबाद की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक सेक्टर-66 में आईएफसी बिल्डिंग के सामने पहुंचा, उसके केबिन और पिछले हिस्से से अचानक काला धुआं निकलने लगा। पीछे चल रहे वाहन चालकों ने लगातार हर्न बजाकर ट्रक चालक को इसकी सूचना दी। चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रक को रोक दिया। ट्रक के रुकते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। खतरे को भांपते हुए चालक तुरंत ट्रक से बाहर निकल गया।
चालक के सुरक्षित बाहर आते ही पूरा ट्रक आग की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें कई मीटर ऊंचाई तक पहुंच रही थीं, जबकि आसमान में काले धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इंजन में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर यातायात को डायवर्ट किया और जले हुए ट्रक को हटाने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी। ट्रक हटने के बाद ही यातायात सुचारु रूप से बहाल हो सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ड्राइवर ने बताया कि वह सामान लेकर फरीदाबाद जा रहा था, तभी रास्ते में अचानक ट्रक से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर