Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पानीपत, 28 जून (हि.स.)। पानीपत में कुछ युवतियों ने आरोपी से मिलीभगत करके अपनी ही एक 16 वर्षीय नाबालिग सहेली का बलात्कार करा दिया। आरोपी लड़कियां नाबालिग सहेली को कोचिंग जाने के बहाने घर से बुलाकर ले गई। इसके बाद गाड़ी चला रहे युवक के साथ एक सुनसान पड़ी फैक्ट्री में ले गई।
पीड़िता का आरोप है कि यहां उसकी सहेलियों ने जबरन गाड़ी से उतार कर उसे ड्राइवर को सौंप दिया। ड्राइवर ने उसकी सहेलियों की मौजूदगी में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जिसकी शिकायत पुलिस की दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवतियों और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ पाक्सो एक्ट सहित अपहरण व जान से मारने की धमकी देना के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पानीपत सदर थाना में पीड़िता के पिता ने दी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से पंजाब के पटियाला के रहने वाल हैं। अब पानीपत के एक गांव में रहते हैं। यहां उनकी बेटी की शिवानी नाम की युवती से दोस्ती थी। 27 जून को शिवानी अपनी बहन और दो युवतियों को लेकर उनके घर पहुंची। युवतियां एक गाड़ी में आई थी। इनके साथ रोहित नाम का एक ड्राइवर भी था। घर के बाहर से ही वे बेटी को कोचिंग ले जाने की बात कहकर युवतियों ने उसे जबरन गाड़ी के अंदर खींच लिया।
इसके कुछ देर बाद आरोपी उसे एक सुनसान पड़ी फैक्ट्री में ले गए और सहेलियों की मौजूदगी में गाड़ी चालक रोहित ने बेटी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। परिजनों का कहना है कि नाबालिग अभी गुमसुम हालत में है। पूछने पर उसने अपनी मां को बताया कि घटना के दौरान उसने पास से गुजर रहे एक व्यक्ति को आवाज भी लगाई, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। सदर थाना प्रभारी गुलशन रावल ने बताया रविवार को पीड़िता के पिता कि शिकायत के आधार पर लड़की की सहेली व तीन अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। लड़की का मेडिकल परीक्षण भी करवाया जा चुका है। अब चारों आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा