Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फतेहाबाद, 28 जून (हि.स.)। नशा, अवैध शराब और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के नेतृत्व में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिलेभर में विशेष अभियान ऑपरेशन आक्रमण चलाया गया। महज छह घंटे तक चले इस सघन अभियान के दौरान पुलिस ने नशा तस्करी, अवैध शराब, चोरी और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई की। इस दौरान भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और अवैध शराब बरामद कर कई आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया। अभियान के तहत जिला पुलिस ने शहरों, कस्बों और ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ पंजाब और राजस्थान सीमा से सटे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नाकाबंदी की। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 4 मामले दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 7.80 ग्राम हेरोइन, 115 ग्राम अफीम और 5.890 किलोग्राम गांजा सहित 23 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई। इसमें जाखल थाना पुलिस ने हेरोइन के साथ एक आरोपी को दबोचा, वहीं सदर रतिया थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक सेल की संयुक्त टीम ने अफीम व गांजे की बड़ी खेप पकड़ी। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3 मुकदमे दर्ज कर 3 आरोपियों को दबोचा और उनके कब्जे से 134 बोतल अवैध शराब बरामद की।अपराधियों पर नकेल कसते हुए अपराध अनुसंधान शाखा टोहाना ने चोरी के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लैपटॉप बरामद किया। वहीं, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई एक जीप बरामद की। चोरी के इन मामलों में कुल 2 केस दर्ज कर 3 आरोपियों को काबू किया गया है।अभियान के बाद पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस का मुख्य उद्देश्य केवल अपराधियों को पकडऩा नहीं, बल्कि समाज को पूरी तरह नशामुक्त बनाना, लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सडक़ों पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा