हैलाकांदी बाइपास पर ट्रक-ऑटो की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, तीन गंभीर
हैलाकांदी (असम), 27 जून (हि.स.)। असम के हैलाकांदी बाइपास पर शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में ट्रक और ऑटोरिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के
Image of the Head-On Collision at Hailakandi By-pass.


हैलाकांदी (असम), 27 जून (हि.स.)। असम के हैलाकांदी बाइपास पर शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में ट्रक और ऑटोरिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक ने बाइपास पर जा रहे ऑटोरिक्शा को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक यात्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका आपातकालीन उपचार जारी है।

अंतिम सूचना मिलने तक मृतक और घायलों की पहचान आधिकारिक रूप से जारी नहीं की गई थी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है या नहीं, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

हैलाकांदी जिले में हाल के दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि चिंता का विषय बनी हुई है। कुछ दिन पहले ही पंचग्राम थाना क्षेत्र के थांडापुर इलाके में एंबुलेंस और ट्रैवलर वाहन के बीच हुई भीषण टक्कर ने भी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और राजमार्गों व बाइपास मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश