Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जांजगीर, 27 जून (हि. स.)। पुलिसिंग को अधिक तकनीक आधारित, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में जांजगीर-चांपा पुलिस ने शनिवार को पुलिस लाइन जांजगीर में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, रीडर तथा सीसीटीएनएस ऑपरेटर शामिल हुए।
कार्यशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों को ई डार, ई-साक्ष्य, प्रधानमंत्री राहत योजना, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा मिशन वात्सल्य जैसे पांच महत्वपूर्ण डिजिटल पोर्टलों के प्रभावी संचालन एवं उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए आम नागरिकों को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने बताया कि ई डार (इलेक्ट्रानिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपाेर्ट) पोर्टल के माध्यम से सड़क दुर्घटना से जुड़े सभी दस्तावेज, जैसे एफआईआर, पंचनामा, फोटो एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट 48 घंटे के भीतर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। इससे न्यायालय, बीमा कंपनियों एवं परिवहन विभाग को समय पर जानकारी उपलब्ध होगी तथा दुर्घटना पीड़ितों को मुआवजा मिलने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और सरल होगी।
प्रशिक्षण में ई-साक्ष्य प्रणाली के तहत डिजिटल साक्ष्यों के संग्रहण, संरक्षण और न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुरूप उनके उपयोग की जानकारी दी गई। वहीं प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत पात्र पीड़ितों और उनके आश्रितों तक आर्थिक सहायता समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने की प्रक्रिया समझाई गई। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा मिशन वात्सल्य पोर्टल के माध्यम से बेसहारा, गुमशुदा एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की जानकारी दर्ज कर उन्हें शीघ्र शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने, केस हिस्ट्री अपडेट करने तथा चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के साथ समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया पर भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग से पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ेगी और आम नागरिकों को त्वरित न्याय एवं बेहतर सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT