Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नवादा, 27 जून (हि.स.)।नवादा जिले के कौआकोल प्रखंड क्षेत्र के नावाडीह गांव स्थित गांधी चौक इमामबाड़ा के समीप शनिवार को अचानक एक दुकान में आग लग जाने से दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
इस घटना में पीड़ित दुकानदार को करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। जानकारी के अनुसार नावाडीह निवासी मो० अमानुल्लाह अंसारी की कपड़ा एवं अन्य सामान की दुकान नावाडीह गांव में इमामबाड़ा, गांधी चौक के पास स्थित है।
मोहर्रम को लेकर दुकान बंद थी। अचानक दुकान में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा कपड़ा, चप्पल, जूता, छाता समेत अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग लगने का कारण बिजली की शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
पीड़ित दुकानदार मो अमानुल्लाह अंसारी ने इस संबंध में रूपौ थाना एवं कौआकोल अंचलाधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांचकर आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। इधर पंचायत समिति सदस्य नोमिंता कुमारी ने भी प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन