Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के सूरजपोल मोहल्ले में गुरुवार सुबह 17 साल 11 माह का एक किशोर घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में मृत मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार सूरजपोल निवासी किशोर ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा दी थी, जिसमें वह अनुत्तीर्ण हो गया था। परिजनों ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से परीक्षा परिणाम को लेकर परेशान चल रहा था। गुरुवार सुबह उसकी मां उसे चाय के लिए बुलाने ऊपर कमरे में पहुंची तो वह फंदे पर लटका मिला। घटना देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बताया गया है कि किशोर परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक छोटी बहन है। उसके पिता बस कंडक्टर हैं, जो पिछले करीब एक माह से अस्वस्थ होने के कारण घर पर ही रह रहे हैं।
परिजनों के मुताबिक बुधवार रात तक किशोर नीचे वाले कमरे में मोबाइल देख रहा था। बाद में वह सोने की बात कहकर ऊपर अपने कमरे में चला गया। सुबह उसका शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।किशोर ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक