Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नाहन, 25 जून (हि.स.)। पांवटा साहिब क्षेत्र के राशन डिपो में पिछले चार दिनों से पीओएस मशीनों में तकनीकी खराबी के चलते राशन वितरण व्यवस्था ठप पड़ी हुई है। इससे सैकड़ों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना डिपो पहुंचने वाले लोगों को बिना राशन लौटना पड़ रहा है, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हुआ है।
मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने बताया कि वे पिछले चार दिनों से लगातार डिपो के चक्कर काट रहे हैं। कई मजदूरों को राशन लेने के लिए अपनी दैनिक मजदूरी तक छोड़नी पड़ रही है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सस्ता राशन नहीं मिल पा रहा है। लोगों का कहना है कि घरों में राशन लगभग खत्म हो चुका है।
ग्राहकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तकनीकी समस्या का जल्द समाधान किया जाए ताकि गरीब परिवारों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि राशन जैसी जरूरी सुविधा में लगातार देरी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है।
वहीं डिपो संचालक ने बताया कि रोजाना बड़ी संख्या में उपभोक्ता राशन लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन मशीनें काम नहीं कर रही हैं। इस कारण लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी खराबी उनके नियंत्रण से बाहर है, फिर भी उपभोक्ताओं की शिकायतें और नाराजगी उन्हें सुननी पड़ रही है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार तकनीकी समस्या को दूर करने के प्रयास जारी हैं और जल्द ही मशीनों को सुचारू कर राशन वितरण शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि तब तक उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर