Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा शहर के बीचों-बीच स्थित नाटानी कैफे में गुरुवार अलसुबह अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कैफे धुएं के गुबारों से भर गया और अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही ब्यावरा शहर और बीनागंज से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के मुताबिक आग शहर के शासकीय कन्या विद्यालय के सामने स्थित गली में बनी चार मंजिला बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर लगी। इसी बिल्डिंग के पहले और दूसरे तल पर नाटानी कैफे हाउस संचालित होता है, जबकि तीसरी मंजिल पर नित्या एकेडमी संचालित है। गुरुवार सुबह अचानक बिल्डिंग से धुआं उठने लगा। साथ ही कांच टूटने की आवाजें सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस व दमकल को सूचना दी। मौके पर पहुंची ब्यावरा शहर थाना पुलिस की मौजूदगी में दो दमकल वाहनों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कैफे संचालक विनोद प्रजापति ने बताया कि वह रोज की तरह देर रात कैफे बंद कर घर गए थे। सुबह सूचना मिली तो मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कैफे के अंदर रखा लगभग पूरा सामान जल चुका था। आग में फ्रिज, एसी, महंगा फर्नीचर, किचन का सामान और गल्ले में रखे 20 से 25 हजार रुपये नकद भी जल गए। संचालक ने कुल नुकसान 40 लाख रुपये से ज्यादा बताया है। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना तीसरी और चैथी मंजिल तक लपटें पहुंचने पर बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस के मुताबिक आग लगने के कारणों और वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक