Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गोरखपुर, 25 जून (हि.स.)। चौरीचौरा क्षेत्र में एक ऑटो चालक की ईमानदारी की मिसाल सामने आई है, जिसने जेवरात और कपड़ों से भरा बैग सुरक्षित लौटाकर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। वहीं, पुलिस की सक्रियता से महिला को उसका सामान सकुशल वापस मिल सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 को एक महिला तरकुलहा माता मंदिर में दर्शन करने गई थीं। दर्शन के बाद जब वह ऑटो से अपने घर लौट रही थीं, तभी उनका बैग वाहन में ही छूट गया। बैग में जेवरात और कपड़े रखे हुए थे, जिसकी जानकारी महिला को बाद में हुई।
इधर, ऑटो चालक संतोष जब अपने घर पहुंचा तो उसे वाहन में छूटा हुआ बैग दिखाई दिया। बैग खोलकर देखने पर उसमें कीमती सामान होने का अंदाजा हुआ, जिसके बाद उसने ईमानदारी दिखाते हुए बैग को सुरक्षित अपने पास रख लिया और सही मालिक तक पहुंचाने का निर्णय लिया।
अगले दिन 25 जून 2026 को ऑटो चालक संतोष बैग लेकर थाना चौरीचौरा पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित महिला के बारे में जानकारी जुटाई और उनसे संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया।
पुलिस की मौजूदगी में ऑटो चालक ने महिला को उनका बैग, जिसमें जेवरात और कपड़े सुरक्षित थे, सौंप दिया। अपना खोया हुआ सामान सही सलामत पाकर महिला बेहद खुश नजर आईं और उन्होंने ऑटो चालक संतोष की ईमानदारी की सराहना करते हुए उसे धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस घटना ने जहां एक ओर समाज में ईमानदारी और नैतिकता का संदेश दिया है, वहीं पुलिस और आम नागरिक के बीच बेहतर तालमेल का भी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय