Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 25 जून(हि.स.)। पीएचईडी के तत्वावधान में जल जीवन मिशन के तहत रानीगंज के हांसा पंचायत में गुरुवार को सुजल ग्राम संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के जल जीवन मिशन के सचिव भी जुड़े रहे। इस अवसर पर डीएम विनोद दूहन ने भी भाग लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने ग्रामीणों से जलापूर्ति योजनाओं के संरक्षण एवं रखरखाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही योजनाओं का बेहतर संचालन और दीर्घकालिक लाभ सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति तथा उसकी सतत निगरानी एवं अनुरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
इस दौरान ग्रामीणों को जल जीवन मिशन की विभिन्न योजनाओं, उनके उद्देश्यों एवं प्रभावी संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पेयजल आपूर्ति से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर ग्रामीणों से सीधे फीडबैक भी प्राप्त किए गए।
कार्यक्रम में जिले और प्रखंड के सभी विभागों के अधिकारी समेत ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर