Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 25 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) आगामी पंचायती राज एवं निकाय चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने का व्यापक अभियान चलाया जाएगा। यह बात आरएलपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने गुरुवार को जयपुर में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में कही।
बेनीवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक की शुरुआत पार्टी के सिद्धांतों और जनहित के संकल्प के साथ हुई। इस दौरान संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए बेनीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और आमजन के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रही है तथा आगे भी जनता की आवाज बनकर कार्य करती रहेगी।
पार्टी के प्रदेश एसआईआर प्रभारी एवं पूर्व विधायक दिलीप चौधरी ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही जिला एवं विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया।
प्रदेश कार्यालय मंत्री शंकरलाल नारोलिया ने बताया कि बैठक के दौरान प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विभिन्न जनसमस्याओं और स्थानीय मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्राप्त सुझावों और प्रस्तावों के आधार पर संगठन को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में आगामी पंचायती राज एवं निकाय चुनाव मजबूती से लड़ने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में खींवसर के पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल, मेड़ता की पूर्व विधायक इंदिरा देवी बावरी, आरएलपी नेता एवं पूर्व प्रशासनिक अधिकारी प्रभातीलाल जाट, वरिष्ठ नेता सीताराम नायक सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद सांसद हनुमान बेनीवाल ने प्रदेश सरकार की कई नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वयं मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में अपराध बढ़ रहे हैं और स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश