सुकमा में रेत खदान की ई-नीलामी से 14 लाख का मिला राजस्व
सुकमा, 25 जून (हि.स.)। जिले के कलेक्टर कार्यालय की खनिज शाखा द्वारा छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के तहत नगर पंचायत कोन्टा स्थित शबरी नदी की साधारण रेत खदान के उत्खनन पट्टे के लिए इलेक्ट्रॉनिक नीलामी (रिवर्स ऑक्शन) प
सुकमा में रेत खदान की ई-नीलामी से 14 लाख का मिला राजस्व


सुकमा, 25 जून (हि.स.)। जिले के कलेक्टर कार्यालय की खनिज शाखा द्वारा छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के तहत नगर पंचायत कोन्टा स्थित शबरी नदी की साधारण रेत खदान के उत्खनन पट्टे के लिए इलेक्ट्रॉनिक नीलामी (रिवर्स ऑक्शन) प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन माध्यम से संचालित की गई, जिससे व्यापक प्रतिस्पर्धा और सहभागिता सुनिश्चित हुई।

कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आज गुरूवार काे जिलास्तरीय समिति के समक्ष आयोजित बोली खोलने की प्रक्रिया के पश्चात सर्वाधिक प्रतिस्पर्धी एवं अधिमानी बोली प्रस्तुत करने वाले अर्जुन कुमार राजवाड़े, निवासी सरगुजा, को अधिमानी बोलीदार घोषित किया गया। प्रशासन ने इस प्रक्रिया को खनिज संसाधनों के पारदर्शी प्रबंधन और राजस्व संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

खनिज शाखा द्वारा ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसके तहत कुल 140 आवेदन प्राप्त हुए। जांच एवं परीक्षण के बाद 139 बोलीदाताओं को पात्र घोषित किया गया, जबकि एक आवेदक अपात्र पाया गया। प्राप्त आवेदनों के माध्यम से जिले को 14 लाख रुपये का खनिज राजस्व प्राप्त हुआ, जो जिले के विकास एवं संसाधन सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे