Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सारण, 25 जून (हि.स.)। पहलेजा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहरण के कुछ घंटे के भीतर एक युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में शामिल एक मुख्य अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार नयागांव निवासी विशाल कुमार अपने मामा के घर पहलेजा आए हुए थे। 24 जून को बजरंग चौक पुल के पास से प्रेम प्रताप राणा और उसके तीन साथियों ने उनका अपहरण कर लिया। इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से 1 लाख रुपये की फिरौती मांगी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
परिजनों की शिकायत पर पहलेजा थाने में बीएनएस की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी व मानवीय इनपुट के आधार पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया और कार्रवाई करते हुए विशाल कुमार को छुड़ा लिया।
मौके से मुख्य आरोपित प्रेम प्रताप राणा निवासी बड़का बगीचा, पहलेजा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार