Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 25 जून (हि.स.)। डिजिटल शिक्षा, मूक्स तथा उच्च शिक्षा में शिक्षकों की सहभागिता के बढ़ते महत्व को देखते हुए शैक्षिक संचार संघ (सीईसी) ने वर्ष 2026 के लिए एक विशेष आउटरीच कार्यक्रम प्रारंभ किया है। यह कार्यक्रम डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में सीईसी तथा उसकी विभिन्न पहलों के प्रति जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस पहल से सीईसी के मूक पाठ्यक्रमों एवं अन्य डिजिटल शिक्षण कार्यक्रमों के व्यापक प्रसार, अधिकाधिक सहभागिता एवं नामांकन को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ संस्थागत सहयोग और शैक्षणिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिलने की अपेक्षा है।
अपने आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत सीईसी की ओर से ईएमआरसी जोधपुर के सहयोग से जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के शिक्षकों के लिए मूक्स जागरूकता विषयक ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया। ईएमआरसी जोधपुर के निदेशक प्रो. महिपाल सिंह राठौड़ ने आगामी वर्ष के जनवरी सत्र से शैक्षिक संचार संघ (सीईसी) के मूक्स पाठ्यक्रमों को प्रारंभ करने में गहरी रुचि एवं उत्साह व्यक्त किया। कार्यशाला का औपचारिक समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
गौरतलब है कि शैक्षिक संचार संघ (सीईसी) भारत के विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा स्थापित अंतर-विश्वविद्यालय केंद्रों में से एक है। इसकी स्थापना उच्च शिक्षा की आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से की गई थी। अपने 20 मीडिया केंद्रों के सुदृढ़ नेटवर्क के माध्यम से सीईसी स्वयमं, मूक पाठ्यक्रमों के व्यवस्थित विकास तथा डीटीएच चैनलों पर प्रसारण हेतु शैक्षणिक सामग्री के निर्माण में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है, जिससे उच्च शिक्षा तक व्यापक एवं समान पहुंच सुनिश्चित हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश