Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नवादा, 25 जून (हि.स.)। नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम टेंपो चलाना सीखने के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
मृतक की पहचान पार रजौली निवासी मुकेश कुमार उर्फ गोलू (पिता- महेश पासवान) के रूप में हुई है। वहीं घायल प्रिंस कुमार (पिता- सनोज पासवान) का अनुमंडल अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार उर्फ गोलू अपने घर से टेंपो लेकर निकला था। वह अपने मित्र प्रिंस कुमार को टेंपो चलाना सिखाने के उद्देश्य से लोमस ऋषि पहाड़ स्थित ग्राउंड में गया था। इसी दौरान टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में टेंपो चला रहे मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि प्रिंस कुमार भी चोटिल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल लाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सूरज कुमार ने जांच के बाद मुकेश कुमार उर्फ गोलू को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि उनकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। वहीं घायल प्रिंस कुमार का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन