Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीवान, 25 जून (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल के ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ पोस्ट सीवान की टीम ने एक यात्री का खोया हुआ बैग, जिसमें 42,200 रुपये नकद, सैमसंग कंपनी का टैबलेट और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे, सुरक्षित लौटाकर मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार, मैरवा स्टेशन पर रेल संपत्ति सुरक्षा एवं ट्रेन पासिंग ड्यूटी में तैनात कांस्टेबल शिवप्रसाद तिवारी को एक व्यक्ति ने आरक्षण काउंटर के पास मिला एक लावारिस बैग सौंपा। इसके बाद स्टेशन मास्टर मनोज कुमार कुशवाहा की मौजूदगी में बैग की जांच की गई।
जांच के दौरान बैग से सैमसंग कंपनी का एक टैबलेट, 42,200 रुपये नकद, बिहार स्टेट बार काउंसिल का पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेज बरामद हुए। करीब आधे घंटे बाद एक व्यक्ति बैग की तलाश करते हुए स्टेशन पहुंचा। उसने अपना नाम शशि भूषण सिंह, निवासी एकडंगा, थाना मीरगंज, जिला गोपालगंज बताया।
उन्होंने बताया कि वे ट्रेन संख्या 14005 के लिए तत्काल टिकट लेने आए थे और आरक्षण फॉर्म भरते समय बैग काउंटर के पास रखकर भूलवश चले गए थे। रास्ते में बैग की याद आने पर वे वापस स्टेशन पहुंचे।
आरपीएफ कर्मियों ने बैग में रखे सामान के संबंध में पूछताछ की, जिसमें शशि भूषण सिंह ने बैग के अंदर रखी सभी वस्तुओं की सही जानकारी दी। पहचान सत्यापित करने के बाद स्टेशन मास्टर की उपस्थिति में बैग, टैबलेट और 42,200 रुपये नकद उन्हें विधिवत सुपुर्द कर दिया गया।
बैग स्वामी के अनुसार बैग में रखे सामान की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये थी। अपना खोया सामान सुरक्षित वापस मिलने पर शशि भूषण सिंह ने आरपीएफ की ईमानदारी, सतर्कता और जनसेवा भावना की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
आरपीएफ द्वारा चलाया जा रहा ऑपरेशन अमानत यात्रियों के खोए हुए सामान को खोजकर उन्हें वापस दिलाने की दिशा में लगातार सफल साबित हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma