Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 25 जून (हि.स.)।ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि गुरुवार को श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई। लोगों ने निर्जल व निराहार रहकर उपवास किया। इस दौरान शहर में जमकर दान-पुण्य किया गया। कई स्थानों पर ठंडे पानी व शरबत की अस्थाई प्याऊ लगाई गई। पौराणिक शास्त्रों में निर्जला एकादशी को भीमसेन एकादशी, पांडव एकादशी और भीम एकादशी के नाम से भी जाना जाता है।
निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर सवेरे स्नान करने के बाद भगवान विष्णु की पूजा की गई और भोग लगाया गया। भोग में मीठा व तुलसी को शामिल किया गया। साथ ही फल, अनाज, कपड़ों, तिल, नमक आदि का दान किया गया। आज कई लोगों ने बिना जल के व्रत रखा।
शहर में जगह-जगह आज दानपुण्य किए गए। सुबह मंदिरों में भी दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। यहां मंदिरों के बाहर दान पुण्य किया गया। जोधपुर समेत मारवाड़ के विभिन्न इलाकों में बहन-बेटियों को पानी का मटका, छलनी व पंखी के साथ शक्कर के गोले, सिंगाड़े की सेव व आम आदि भेजने की परम्परा का निर्वाह किया गया।
शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए गए। धार्मिक-सामाजिक स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से जगह-जगह राहगीरों को शीतल पेय का वितरण किया गया। शिवालयों में सहस्त्रघट अभिषेक तथा गौ शालाओं में विशेष पूजन किया गया। साथ ही फुटपाथ पर रहने वाले लोगों, कच्ची बस्तियों, अस्पतालों में आम सहित अन्य फल व सामग्री दान की गई।
राहगीरों को पिलाया शीतल जल व शरबत
स्वर्णदीप हाईकोर्ट कॉलोनी स्थित स्मार्टनिवेश, दी वेल्थ मैनेजर की ओर से निर्जला ग्यारस के पावन अवसर पर आमजन के लिए ठंडा पेय सेवा का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए राहगीरों को शीतल जल एवं शरबत वितरित किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए नि:शुल्क परिंडे मय दाना पानी भी वितरित किए गए, ताकि गर्मी में बेजुबान पक्षियों को राहत मिल सके। संस्था की निदेशक सुनीता बंसल ने इस अवसर पर अशोक चितारा, अरुण पुरोहित, जगदीश प्रजापत, आभा डागा, तनीषा परिहार, हितेश तथा स्वर्णदीप महिला मंडल के सदस्यों ने बढ़-चढक़र सहयोग दिया। निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर आर्यन्स फ्रैण्ड्स क्लब की ओर से जूनी मण्डी स्थिति गंगश्यामजी मन्दिर के बाहर जरूरतमंद लोगों में बिस्कुट, आम व शीतल पेय पदार्थ का वितरण किया गया व जब्बरनाथ गौशाला में गायों को हरी घास व गुड़ की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में अनुप व्यास, कपिल व्यास, सिद्धार्थ मुथा, आलोक थानवी, मनोज कल्ला, शिवम् पुरोहित, युवान पुरोहित, दिवाकर बोड़ा, सुमित जोशी, आशुतोष व्यास, नितिन व्यास, देवेश व्यास आदि ने सहयोग दिया।
इसी तरह रातानाडा सुभाष चौक स्थित गुरु निहाल गिरी लक्ष्मण गिरि सन्यास आश्रम के तत्वावधान व एमडीएच कंपनी के सहयोग से निर्जला ग्यारस का शरबत व मिल्करोज की सेवा रखी गई। उसमें सभी नवरात्रि मंडली व रातानाडा सिंधी पंचायत के सदस्यों ने बढ़ चढक़र भाग लिया।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड प्रथम पुलिया स्थित सिंधु सेवा केंद्र में श्री झूलेलाल साई सेवा समिति द्वारा आयोजित चल रहे दस दिवसीय सेवा शिविर का समापन आज निर्जला ग्यारस के अवसर पर दही की लस्सी व आम की सेवा के साथ किया गया। राजू मंगानी ने बताया इन दस दिनों में गर्मी को देखते हुए नींबू पानी, केरी पानी, छाछ, शरबत इत्यादि राहगीरों को पिलाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश