एनसीबी ने निकाली ड्रग विरोधी रैली, नशा मुक्ति का लिया संकल्प
जोधपुर, 25 जून (हि.स.)। नशा मुक्त भारत पखवाड़ा और अंतरराष्ट्रीय ड्रग दुरुपयोग एवं तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) जोधपुर जोनल यूनिट द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से ड्रग-विरोधी रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का
jodhpur


जोधपुर, 25 जून (हि.स.)। नशा मुक्त भारत पखवाड़ा और अंतरराष्ट्रीय ड्रग दुरुपयोग एवं तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) जोधपुर जोनल यूनिट द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से ड्रग-विरोधी रैली का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक घनश्याम सोनी ने किया। रैली का शुभारंभ सुबह पावटा सर्किल से हुआ, जिसे बीएसएफ फ्रंटियर मुख्यालय राजस्थान के आईजी एमएल गर्ग, जोधपुर रेंज के आईजी सत्येंद्र सिंह, एनसीबी जोधपुर के क्षेत्रीय निदेशक घनश्याम सोनी, पीटीएस के डिप्टी आईजी देवेंद्र विश्रोई तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के जनरल मैनेजर पंकज खत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिंदगी को हां, नशे को ना थीम पर आयोजित यह वॉकाथॉन शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई उम्मेद स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई, जहां प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशा विरोधी शपथ ली।

कार्यक्रम में बीएसएफ, एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स, राजस्थान पुलिस, एनसीसी, स्काउट-गाइड, शैक्षणिक संस्थानों, एनजीओ, समाजसेवी संगठनों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए घनश्याम सोनी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता, रोकथाम और जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने युवाओं से नशा विरोधी अभियान के दूत बनने का आह्वान किया तथा समाज के सभी वर्गों से इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 पर नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने का आग्रह भी किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त राजस्थान एवं नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश