Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 25 जून (हि.स.)। शाहपुर पुलिस थाना के तहत पुहाड़ा में पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव मिला है। मृतक की पहचान निवासी रेहलू गांव निवासी 45 वर्षीय पवन कुमार पुत्र स्वर्गीय नीचू राम के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतक पवन कुमार किसी कार्य से चम्बा गए हुए थे और वापसी के दौरान चंबा-शिमला बस से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्हें शाहपुर उतरना था, लेकिन वे पुहाड़ा में उतर गए। रात को घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की लेकिन अगले दिन प्रातः उनका शव पुहाड़ा पुल के नीचे बरामद हुआ।
उधर पुलिस ने घटनास्थल पर पंहुचकर शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है। प्रशासन एवं पुलिस की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं तथा फॉरेंसिक टीम के सहयोग से आवश्यक जांच प्रक्रिया आरंभ की गई।
वहीं शव मिलने की घटना पर उप-मुख्य सचेतक व स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया ने गहरा शोक व्यक्त किया है। घटना की सूचना मिलते ही विधायक केवल सिंह पठानिया ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में परिवर्तन कर तत्काल मौके पर पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। विधायक ने मौके से ही प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग तथा फॉरेंसिक विशेषज्ञों से संपर्क कर मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के लिए प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया