Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 25 जून (हि.स.)। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के प्रसार शिक्षा निदेशालय की ओर से गुरुवार को झारखंड के सभी कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) में कार्यरत सहायकों के लिए वेबसाइट प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ओमेगा टेली सोल्यूशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. डीके शाही ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की वेबसाइट उसके कार्यों, उपलब्धियों और गतिविधियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम होती है। डिजिटल युग में वेबसाइट संस्थागत संचार का महत्वपूर्ण साधन बन चुकी है।
डॉ. शाही ने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिया कि वे आगामी एक माह के भीतर अपने-अपने कृषि विज्ञान केंद्रों की वेबसाइट पर सभी आवश्यक एवं अद्यतन जानकारियां अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने वेबसाइट के सुधार, सुदृढ़ीकरण और प्रभावी संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर निदेशक (प्रसार शिक्षा) डॉ. निरंजन लाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए और कृषि विस्तार गतिविधियों में सूचना प्रौद्योगिकी की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर बीएयू के प्रसार शिक्षा निदेशालय के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak