Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 25 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मेजर जनरल सज्जन सिंह मान (जीओसी, 23 इन्फैंट्री डिवीजन) और डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेमचंद्रा ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान आगामी डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान सेना के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि देश के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंटों में शामिल डूरंड कप की मेजबानी इस वर्ष रांची को मिली है। टूर्नामेंट का आयोजन संभावित रूप से 26 जुलाई से शुरू होगा। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आयोजन की तैयारियों, खिलाड़ियों और टीमों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में राज्य के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि डूरंड कप देश का ऐतिहासिक और गौरवशाली फुटबॉल टूर्नामेंट है तथा इसकी मेजबानी का अवसर झारखंड को मिलना राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में झारखंड की पहचान लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो रही है। ऐसे बड़े खेल आयोजनों से राज्य के खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टूर्नामेंट से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों, खिलाड़ियों, अधिकारियों तथा खेल प्रेमियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की सफल मेजबानी के लिए भी सरकार हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि डूरंड कप का सफल आयोजन झारखंड की खेल संस्कृति को नई पहचान देगा और राज्य को खेल मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करेगा।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे